
केदारपुर स्थित लैंडफिल साइट को नगर निगम ने लिया अपने आधिपत्य में। नारायण विहार, मेला ग्राउंड एवं बुद्धा पार्क स्थित ट्रांसफर स्टेशन भी आज ही प्रारंभ होंगे।
द ग्वालियर। शहर में कचरा निस्तारण की समस्या जल्द दूर हो जाएगी। केदारपुर स्थित लैंडफिल साइट को आज से नगर निगम ने अपने आधिपत्य में ले लिया है, जिसके बाद नगर निगम द्वारा एक सप्ताह में लैंडफिल साइट का प्लांट विधिवत प्रारंभ कर दिया जाएगा।
मंगलवार को नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन, अपर आयुक्त/एसडीएम नरोत्तम भार्गव, नोडल अधिकारी श्रीकांत कांटे सहित कंपनी के प्रोजेक्ट हेड एवं नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी केदारपुर स्थित लैंडफिल साइट पर पहुंचे। सबसे पहले केदारपुर स्थित लैंडफिल साइट को नगर निगम ने अपने आधिपत्य में लेने की प्रक्रिया पूरी की। उसके बाद निगमायुक्त के समक्ष नगर निगम अधिकारियों द्वारा लैंडफिल साइट प्लांट को चला कर देखा गया। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले एक सप्ताह में नगर निगम द्वारा लैंडफिल साइट का प्लांट विधिवत प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिससे शहर से उठने वाले कचरे की प्रोसेसिंग लैंडफिल साइट पर होना प्रारंभ हो जाएगी।
निगमायुक्त संदीप माकिन ने निगम अधिकारियों को आज से ही प्लांट चालू करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने भस्मक को पुनः चालू किए जाने हेतु उपयंत्री अभिनव तिवारी को कहा। निगमायुक्त ने नोडल अधिकारी श्रीकांत कांटे को कहा कि निगम के कर्मचारियों को भी प्लांट के कार्य में प्रशिक्षित किया जाए, ताकि कोई भी कंपनी के कार्य न करने अथवा कार्य छोड़कर चले जाने पर निगम कर्मचारी कार्य संभाल सकें। नगर निगम की इस कवायद के बाद प्लांट में अगले एक सप्ताह में खाद बनना प्रारंभ हो जाएगी। नारायण विहार, मेला ग्राउंड एवं बुद्धा पार्क स्थित ट्रांसफर स्टेशन भी आज ही प्रारंभ होंगे।