
द ग्वालियर। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि, देश की 85 प्रतिशत जनता मोदी सरकार से प्रसन्न है। जिस प्रकार से कांग्रेस के एक नेता ने 85 प्रतिशत जनता को भूखा नंगा कहकर मजाक उड़ाया है, उसकी हम घोर निंदा करते हैं। जनता इस उपचुनाव में कांग्रेस को इसका मुंहतोड़ जवाब अपने मत से देगी। कांग्रेस को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। कांग्रेस गरीबी हटाओ का नारा देकर जनता को बरगलाती रही है। कांग्रेस के शासन में केवल कुछ लोग अमीर होते रहे, जिसमें छिंदवाडा का राजा भी शामिल है। अधिसंख्य समय कांग्रेस ने देश पर शासन किया, 85 प्रतिशत जनता को लाभ मिलना चाहिए, लेकिन लाभ कांग्रेस के दलालों और कांग्रेस नेताओं के पेट में जाता रहा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हर स्तर से भ्रष्टाचार हटाने का काम शुरू किया है। देश में एक लाख 40 हजार नकली एनजीओ पकड़े, पांच करोड़ फर्जी राशन कार्ड खत्म किए, ढाई लाख फर्जी कंपनियां खत्म कीं। लाखों नकली छात्रों का मामला उजागर किया, जिनके नाम फर्जी तरीके से स्कॉलरशिप की रकम कांग्रेस दलालों द्वारा डकारी जा रही थी। दो करोड़ फर्जी मनरेगा के मामले उजागर किए। चार करोड़ नकली गैस कनेक्शन जो फर्जी तरीके से चल रहे थे, उनको बंद किया गया। 10 लाख नकली शिक्षक जो केवल हाजिरी लगाकर वेतन ले रहे थे। जब इन भ्रष्टाचार को रोका गया तो कांग्रेस ने रोड़ा अटकना शुरू कर दिया और यह काम वह आजादी के बाद से करती आ रही थी। इसी कारण 15 प्रतिशत कांग्रेसी अपने को पैसे वाले समझते हैं और 85 प्रतिशत जनता को भूखा नंगा कहते हैं। जब पूरा विश्व कोरोना संकट से जूझ रहा था, उस समय केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा सरकारों ने लगातार जनहित के कार्य किए, इस कारण अधिसंख्य देश की जनता भाजपा के पक्ष में खड़ी है। गौतम ने कहा कि भाजपा ने सभी वर्गों, खासतौर से दलित समुदाय के उत्थान के लिए बहुत काम किए हैं। भाजपा बाबा साहेब अंबेडकर के सपनों को पूरा करने का काम कर रही है। कांग्रेस के इतिहास हर समय खूनी नदियां बहाने का रहा है, वह खूनी नदिंया बहाकर सिंहासन हासिल करते रहे।
गौतम ने कांग्रेस के रवैये पर गंभीर आपत्ति करते हुए कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में देश के वीर सैनिकों ने चीन की सेना को पीछे खदेड़ दिया, जिस प्रकार से प्रधानमंत्री ने पाक के अंदर सर्जिकल स्ट्राइक करवाई, कुछ नेता देश के बारे में उल्टे सीधे बयान देते रहे हैं। यह भारतीय सैनिकों के मनोबल तोड़ने का कार्य था, इसकी हम कड़ी निंदा करते हैं। इस अवसर पर अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य, सांसद विवेक शेजवलकर, अजा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष सूरज कैरो, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर, जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी, प्रदेश सहमीडिया प्रभारी उदय अग्रवाल, वार्ताकार आशीष अग्रवाल, संभागीय मीडिया प्रभारी पवनकुमार सेन, अजा मोर्चा के वरिष्ठ नेता गौतम टेटवाल मुख्य रूप से उपस्थित थे।