
लाखों कीमत की एक जमीन को लेकर रिटायर्ड डीएसपी सुरेश सिंह चौहान और छुन्ना सिंह चौहान में चल रहा था विवाद। आज ही पुलिस ने किया था छुन्ना को गिरफ़्तार।
द ग्वालियर। एक जमीन के विवाद में पिता की गिरफ़्तारी से नाराज बेटे ने मध्य प्रदेश के दबंग रिटायर्ड डीएसपी सुरेश सिंह सिकरवार को गोली मार दी। गोली सुरेश सिंह की गर्दन को छूकर निकल गई। गोली के छर्रे सुरेश सिंह को लगे हैं, जिसके बाद गंभीर हालत में उन्हें शिवपुरी के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जाता है कि शिवपुरी के पीएस होटल के सामने एक कीमती जमीन में रिटायर्ड डीएसपी सुरेश सिंह सिकरवार और छुन्ना सिंह चौहान पार्टनर थे। जमीन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था, जिसके चलते आज शनिवार को पुलिस ने छुन्ना सिंह सिकरवार को गिरफ़्तार कर लिया था। पिता की गिरफ़्तारी से आग-बबूला होकर छुन्ना सिंह चौहान के 26 वर्षीय बेटे इंद्र प्रताप सिंह चौहान उर्फ सौरभ ने रिटायर्ड डीएसपी पर गोली चला दी।
वाक्या उस वक्त का है जब शनिवार शाम रिटायर्ड डीएसपी सुरेश सिंह सिकरवार शिवपुरी के महल रोड स्थित अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान मुंह पर मास्क लगाए छुन्ना सिंह बेटा सौरभ चौहान आया। मास्क लगा होने की वजह से सुरेश सिंह उसे पहचान नहीं पाए। इसी का फायदा उठाकर सौरभ ने सुरेश सिंह पर कट्टे से फायर कर दिया। गनीमत यह रही कि गोली सुरेश सिंह की गर्दन को छूकर निकल गई। गोली के छर्रे रिटायर्ड डीएसपी को लग गए। सौरभ ने दोबारा कट्टे से फायर लोड किया, वो उसे चला पाता तब तक पास में खड़े लोगों ने उसे पकड लिया। हालांकि बाद में सौरभ लोगों की पकड़ से छूटकर फरार होने में कामयाब हो गया। गंभीर हालत में सुरेश सिंह सिकरवार को शिवपुरी के सिद्धिविनायक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।